मारुति सुजुकी की पॉपुलर एमपीवी एक्सएल 6 (Maruti Suzuki XL6) का फेसलिफ्ट जल्द ही आ सकता है. ये कार दूसरे देशों में कुछ बदलाव के साथ एक्सएल 7 नाम से आती है. सुजुकी एक्सएल 7 का अपडेट लेकर आ रही है. इस कार के फेसलिफ्ट की पहली तस्वीर हाल में ही सामने आई है.
रिपोर्ट्स की मानें, तो कंपनी इन्हीं बदलावों के साथ भारत में इस कार को लॉन्च कर सकती है. कंपनी एक्सएल 7 फेसलिफ्ट को गाइकिंडो इंडोनेशिया इंटरनेशनल ऑटो शो में 29 जुलाई को पेश कर सकती है. अगर आप एक्सएल 6 और एक्सएल 7 में कंफ्यूज हैं, तो दोनों कारों में मूल अंतर सीट्स का है. जहां एक्सएल 7 में सेकंड रो बेंच स्टाइल वाली है. वहीं एक्सएल 6 में कैप्टन सीट्स मिलती हैं.
फेसलिफ्ट में क्या नया मिलेगा?
एक्सएल 7 कई एशियन देशों में पहले से मिल रही है और अब कंपनी इसका फेसलिफ्ट लेकर आने वाली है. इसमें कई सारे डिजाइन बदलाव देखने को मिलेंगे और कुछ फीचर्स भी दिए जा सकते हैं. कंपनी ने इसके नए मॉडल की कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं, जिसमें कार के अपडेटेड बोल्ड डिजाइन को साफ देखा जा सकता है. हालांकि, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर अभी भी पुरानी कार ही लिस्ट है.
सम्बंधित ख़बरें
फेसलिफ्ट वर्जन में शार्प फ्रंट एंड डिजाइन मिलेगा. इसमें रिडिजाइन क्रोम ग्रिल मिलेगी, जिसमें ब्लैक इंसर्ट्स होंगे. कार की हेडलैम्प यूनिट्स को भी अपडेट किया गया है. कुल मिलाकर अपकमिंग फेसलिफ्ट में नया फ्रंट डिजाइन मिलेगा. इसके अलावा कार में नए एलॉय वील्स भी मिलेंगे. रियर में स्मोक्ड एलईडी टेल लैम्प्स मिलेंगे.
कैबिन के डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा. ब्रांड इसमें फीचर्स जोड़ सकता है. कार में फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स मिल सकती हैं, जिससे कैबिन पहले से ज्यादा प्रीमियम हो जाएगा. इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा, हेड्अप डिस्प्ले और बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Maruti ने दिया झटका, अब इतने रुपये में मिलेगी ये दमदार SUV
इंजन में नहीं होगा कोई बदलाव
कार के इंजन में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. इसमें वहीं पुराना 1.5 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड के15सी फोर सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 103 बीएचपी की पावर और 136 एनएम का टॉर्क ऑफर करेगा. इसके साथ कंपनी 5 स्पीड मैन्युअल और 6 स्पीड टॉर्क कन्वर्टर दे सकती है. भारत में कार सीएनजी के साथ आएगी.
यह भी पढ़ें: मार्केट में तहलका मचाने की तैयारी, Maruti ला रही है 5 नई कारें
हालांकि, भारत में ये कार कब लॉन्च होगी अभी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. भारत में ब्रांड फिलहाल ब्रेजा फेसलिफ्ट को लेकर आ रही है, जो 23 जुलाई को लॉन्च होने वाली है. इसमें कंपनी अंडर फ्लोर सीएनजी टैंक देने वाली है. अगर एक्सएल6 में भी ये फीचर आता है, तो कार में पहले से ज्यादा स्पेस बूट के लिए मिलेगा.
---- समाप्त ----



