बलूचिस्तान के ग्वादर में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के कैंप पर हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी BLA ने ली है. दावा किया कि पाकिस्तानी अर्धसैनिक बलों के 30 से ज्यादा सदस्य मारे गए हैं.
Written By : संतोष सिंह | Updated at : 04 Jul 2026 09:21 AM (IST)

ग्वादर में हुए आत्मघाती बम धमाके में मारे गए 30 पाकिस्तानी जवान
बलूचिस्तान के ग्वादर में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के कैंप पर हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है. संगठन का दावा है कि इस हमले में 30 से ज्यादा पैरामिलिट्री जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं.
BLA ने बयान जारी कर कहा कि विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने जिवानी में पनवान कोस्ट गार्ड बेस को निशाना बनाया. संगठन ने इस हमले को एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत किया गया 'आत्मघाती वाहन-जनित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस' (SVBIED) हमला बताया.
'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, BLA के प्रवक्ता जीयांद बलोच ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "इस जबरदस्त धमाके के कारण कोस्ट गार्ड का मजबूत कैंप पूरी तरह मलबे के ढेर में बदल गया." बयान में आगे कहा गया, "हमले के तुरंत बाद हमारे संगठन की फतेह स्क्वाड ने तेजी से आगे बढ़ते हुए कैंप पर चारों तरफ से हमला किया."
मारे गए 30 पाकिस्तानी जवान
हमले की जिम्मेदारी लेते हुए समूह ने दावा किया कि धमाके ने कैंप को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है और सुरक्षाकर्मियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया. BLA ने आगे दावा किया कि पाकिस्तानी अर्धसैनिक बलों के 30 से ज्यादा सदस्य मारे गए, जबकि दर्जनों अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
BLA प्रवक्ता ने क्या बताया
BLA प्रवक्ता ने कहा, "घायलों की गंभीर हालत और मलबे में दबे लोगों को देखते हुए दुश्मन के हताहतों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है." BLA के मीडिया विंग हक्कल ने आत्मघाती हमले का 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया. इस वीडियो में कथित तौर पर धमाके से कुछ पल पहले विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप में घुसता हुआ और उसके बाद आग का एक बड़ा गोला उठता हुआ दिखाई दे रहा है.
पाकिस्तान का नहीं आया बयान
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी अधिकारियों ने BLA के हताहतों के दावों की तत्काल पुष्टि नहीं की है और न ही इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है. बता दें कि BLA एक प्रतिबंधित अलगाववादी समूह है, जिसने बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों की जिम्मेदारी ली है.
ये भी पढ़ें

संतोष सिंह एबीपी लाइव में कार्यरत हैं. वो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ख़बरों की कवरेज की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 1 दशक से सक्रिय हैं. संतोष ने अपने करियर की शुरुआत न्यूज़ चैनल में टिकर (ब्रेकिंग) से की थी. संतोष इससे पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने ब्रेकिंग न्यूज, कंटेंट राइटिंग में अनुभव हासिल किया. संतोष ने JIMMC नोएडा से मास कम्युनिकेशन में PG डिप्लोमा किया है.
Read More
Published at : 04 Jul 2026 09:21 AM (IST)
Breaking News, Anytime, Anywhere - Download ABPLIVE on Android and iOS now!
और पढ़ें
Sponsored Links by Taboola



