Chakradharpur News: राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के चेलाबेड़ा गांव में माइक्रो फाइलेरिया दर का पता लगाने के उद

Chakradharpur News: चक्रधरपुर। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के चेलाबेड़ा गांव में माइक्रो फाइलेरिया दर का पता लगाने के उद्देश्य से नाइट ब्लड सर्वे का आयोजन किया गया। इस सर्वे का उद्देश्य समुदाय में फाइलेरिया संक्रमण की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और उन्मूलन कार्यक्रम की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना है। इस सर्वे में 20 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के 300 लोगों के रक्त नमूने संग्रहित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। सर्वे के प्रथम चरण में बुधवार की रात्रि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर 140 व्यक्तियों के रक्त नमूने सफलतापूर्वक एकत्र किए।
शेष पात्र लाभार्थियों के नमूने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी चरण में लिए जाएंगे।सर्वेक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे रात्रिकालीन रक्त सर्वे में स्वेच्छा से भाग लें। स्वास्थ्य विभाग को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जिससे फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नाइट ब्लड सर्वे के माध्यम से प्राप्त नमूनों की जांच कर माइक्रोफाइलेरिया की दर का आकलन किया जाएगा। यह जानकारी भविष्य की रणनीति तैयार करने, फाइलेरिया मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मौक पर मुखिया, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशुमान शर्मा, सभी स्वास्थ्य कर्मी एवं पिरामल फाउंडेशन के कार्यकर्ता मौजूद थे।






