कैबिनेट में होगा किसी का प्रमोशन, तो कोई होगा बाहर; फेरबदल की अटकलें जारी
मॉनसून सत्र की शुरुआत यानी 18 जुलाई से पहले केंद्रीय कैबिनेट को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी में भी बड़े स्तर पर बदलाव हो सकते हैं। हाल ही में पार्टी प्रमुख नितिन नवीन और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई थी।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर अटकलों का दौर जारी है। हालांकि, अब तक साफ नहीं हो सका है कि संभावित कैबिनेट फेरबदल में उन्हें हटाकर संगठन में भेजा जाएगा या वह पद पर बने रहेंगे। इसी बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लेकर भी चर्चाएं हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में उन्हें नई जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से अब तक कुछ नहीं कहा गया है।
न्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार, गडकरी को एक से ज्यादा मंत्रालय दिए जाने की चर्चाएं हैं। फिलहाल, वह सड़क एवं परिवहन मंत्रालय संभाल रहे हैं और 12 साल से इसकी अगुवाई कर रहे हैं। फिलहाल, इस पर खुद मंत्री या सरकार की ओर से कुछ नहीं कहा गया है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कैबिनेट विस्तार कब तक होगा। 18 जुलाई को मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले बड़ा ऐलान हो सकता है।
चौंकाने वाले ऐलान संभव
मोदी कैबिनेट को लेकर कहा जा रहा है कि नए चेहरों के जरिए NDA चौंका सकती है। इस बार RBI यानी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास की एंट्री हो सकती है। दरअसल, कहा यह भी जा रहा है कि सरकार मौजूदा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को नई जिम्मेदारी दे सकती है। हालांकि, अब तक कुछ स्पष्ट नहीं है।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी से आए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को शामिल किया जा सकता है। वह राजनीति में आने से पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। इनके अलावा तृणमूल कांग्रेस से बगावत कर आए कुछ सांसदों को भी मौका दिया जा सकता है। फिलहाल, सुखेंदु शेखर रे और संदीप बंदोपाध्याय के नामों को लेकर चर्चा का दौर जारी है।
नितिन नवीन और अमित शाह की मुलाकात
भाजपा की केंद्रीय टीम में फेरबदल की अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हालांकि इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, लेकिन इसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम के गठन का विषय भी शामिल था।
भाषा के सूत्रों के मुताबिक, जनवरी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नवीन के नेतृत्व वाली भाजपा की नई केंद्रीय टीम में 'वरिष्ठ और युवा नेताओं' को जगह मिलने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार में पद संभाल रहे कुछ नेताओं को भी पार्टी में शामिल किया जा सकता है और उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। कहा जा रहा है कि केंद्रीय कैबिनेट और भाजपा की नई टीम का ऐलान एकसाथ हो सकता है।
शाह के आवास पर हुई इस बैठक में भाजपा महासचिव बीएल संतोष भी शामिल हुए थे। अब तक साफ नहीं हो सका है कि बैठक में मुख्य रूप से किस मुद्दे पर चर्चा हुई है।
ये मंत्री हो सकते हैं बाहर
इस दौरान कई मंत्रियों को बाहर भी किए जाने की संभावनाएं हैं। अटकलें हैं कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, रवनीत सिंह बिट्टू को बाहर किया जा सकता है। दरअसल, इसकी वजह है कि पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बिट्टू को अहम जिम्मेदारी सौंप सकती है। वहीं, जॉर्ज कुरियन पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। भाजपा ने हालिया राज्यसभा चुनाव में कुरियन और बिट्टू को टिकट नहीं दिया था।


