- पकड़े गए आरोपित से 10 हजार रुपये की नगदी बरामद
Jind News(आज समाज नेटवर्क) जींद। जींद पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार की रही कार्रवाई के तहत थाना साइबर क्राइम टीम ने फर्जी ऑनलाइन निवेश गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।थाना साईबर क्राइम जींद के प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव दनौदा खुर्द निवासी सुमित कुमार नेपुलिस को 24 अप्रैल 2026 को दी शिकायत में बताया था कि वह इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन के संपर्क में आया। जिसके माध्यम से उसे एसएमसी रिसोर्स शेयरिंग ग्रुप में जोड़ा गया। बाद में उसे एक्सकलूसिव सर्विस ग्रुप से नामक दूसरे व्हाट्सअप ग्रुप में शामिल किया गया।
जहां आरोपित ने स्वयं को सेबी रजिस्टर्ड विशेषज्ञ बताया तथा स्टॉक मार्केट में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। जहां उसने अलग-अलग तिथियों में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 16 लाख 40 हजार आरोपित के पास भेज दिए थे। कुछ समय बाद जब उसने पैसे निकवाने कि कोशिश कि तो उन्होंने ओर पैसों कि मांग की। जिस पर उसे ठगी का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर थाना साइबर क्राईम ने भिवानी के गांव खरक कलां निवासी हिमांशु को गिरफ्तार यिका था। हिमांशु ने पूछताछ में इस फर्जीवाड़े में चरखी-दादरी निवासी आशीष की संलिप्ता बताई। जिस पर टीम ने आशीष को नियमानुसार गिरफ्तार करके दस हजार रुपये की नगदी बदामद की है।
ऑनलाइन निवेश योजनाओं के झांसे में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करे
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सअप ग्रुप, फर्जी ट्रेडिंग एप या ऑनलाइन निवेश योजनाओं के झांसे में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी निवेश से पहले संबंधित कंपनी अथवा व्यक्ति की वैधता की पूर्ण जांच अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साईबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।






