पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने शुक्रवार को क्रोशिया के खिलाफ गोल करके इतिहास रच दिया। वह फीफा विश्व कप के नॉकआउट मैच में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। रोनाल्डो ने राउंड ऑफ 32 में क्रोएशिया के खिलाफ पेनल्टी को गोल में बदला। यह उनका फीफा विश्व कप के नॉकआउट मैच में पहला गोल था। 

41 साल और 147 दिन की उम्र में रोनाल्डो 40 साल की उम्र पार करने के बाद फीफा विश्व कप के नॉकआउट मैच में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी भी बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनके पूर्व साथी खिलाड़ी पेपे के नाम था, जिन्होंने 2022 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ 39 साल और 283 दिन की उम्र में गोल किया था।

दूसरे हाफ में मिली पेनल्टी

पुर्तगाल को दूसरे हाफ में पेनल्टी मिली, जब कॉर्नर किक के दौरान डिफेंडर रेनाटो वेइगा धक्का लगने के कारण गिर गए। रोनाल्डो ने पेनल्टी किक ली और इवान पेरिसिक के शुरुआती गोल के बाद अपनी टीम का स्कोर क्रोशिया के बराबर कर दिया।

रोनाल्डो ने गोल अमान्य होने के बाद किया गोल

इससे पहले रोनाल्डो का एक गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया था। उन्होंने एक हवाई पास को अपने नियंत्रण में लेकर क्रोएशियाई गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविक के ऊपर से गेंद मार करके गोल कर दिया था। हालांकि, जश्न ज्यादा देर तक नहीं चला क्योंकि ऑफसाइड दे दिया गया। पहली नजर में रोनाल्डो ऑनसाइड लग रहे थे, लेकिन रिप्ले में पता चला कि उनका कंधा ऑफसाइड पोजीशन में था।

रामोस ने दूसरा गोल दागा

पुर्तगाल के लिए गोंकालो रामोस ने दूसरा गोल दागा। मैच के आखिरी मिनटों में एक बार फिर नाटकीय मोड़ आया जब जोस्को ग्वार्डियोल के एक गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया। पेरिसिक के पास पर इगोर मातानोविक ने गेंद को मारियो पासालिक की ओर बढ़ाया। गेंद मिडफील्डर के नियंत्रण से बाहर हो गई, लेकिन ग्वार्डियोल ने मौके का फायदा उठाते हुए उसे नेट में डाल दिया। हालांकि, वीएआर ने फैसला सुनाया कि मातानोविक ने पासालिक के ऑफसाइड पोजीशन में होने पर ही गेंद को छुआ था और गोल को अमान्य कर दिया गया।

FIFA World Cup 2026 में अब तक सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक किलियम एम्बाप्पे और लियोनेल मेसी ने सबसे ज्यादा 6-6 गोल किए हैं। मगर ज्यादा असिस्ट के कारण एम्बाप्पे इस लिस्ट में नंबर 1 पर हैं। जबकि नंबर 3 और 4 से दोनों को कांटे की टक्कर मिल रही है। पूरी खबर पढ़ें